विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं... मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में अधिकारियों को त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण के निर्देश...स्कूली बच्चों के साथ किया मध्यान्ह भोजन, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण...!

23 Oct, 2026 105 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं जन कल्याण अभियान के अंतर्गत सिवनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोपालगंज स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा ग्रामीणों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जनसंवाद के दौरान विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे आवेदकों से विधायक ने चर्चा की। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक दिनेश राय मुनमुन ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में स्कूली बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जन विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने, पारदर्शी संवाद स्थापित करने तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे संवेदनशीलता के साथ समस्याओं का निराकरण करें।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष किरण भलावी, श्याम मिलन पांडे, घनश्याम सराठे, हरिशंकर साहू, बेनीराम चंद्रवंशी, संजय भारद्वाज एवं अहफाज खान सहित कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली शाह उपस्थित रहीं। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।