बेटियों का जलवा, राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में तीन का चयन.... क्षेत्रीय प्रतियोगिता में दिखाया दमखम विद्यालय परिवार ने दी बधाई....!
29 Oct, 2026
7 व्यूज
मंडला नायक दर्पण
बालाघाट में आयोजित क्षेत्रीय स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में मंडला जिले की तीन बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। अंडर-19 बालिका वर्ग में उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए तीनों खिलाड़ियों ने आगामी विभागीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
तीन खिलाड़ियों ने बनाई जगह....
प्रतियोगिता में मंडला जिले से चयनित खिलाड़ियों में निर्मिला कुलस्ते ने 44 किलोग्राम, लक्ष्मी पानरिया ने 46 किलोग्राम और रूबी पानरिया ने 49 किलोग्राम भार वर्ग में सफलता हासिल की। क्षेत्रीय स्तर पर उनके बेहतर प्रदर्शन को निरंतर अभ्यास, मेहनत और प्रशिक्षण का परिणाम माना जा रहा है। अब तीनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने की तैयारी करेंगी।
अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह....
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जनजातीय कार्य विभाग, जिला मंडला के खेल अधिकारी मंगल सिंह पांद्रे, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणगंज की प्राचार्य भागवती प्रधान एवं छात्रावास अधीक्षिका प्रमिला बैरागी सहित विद्यालय परिवार ने बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण से खेल के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में मिली सफलता...
खिलाड़ियों की तैयारी और प्रशिक्षण में रामनाथ सिंह धुर्वे, झामसिंह तेकाम, अजीत वरकड़े एवं यास्मीन सैयाम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की मेहनत ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई।
ग्रामीण बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा....
मंडला की तीनों बालिकाओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन जिले की खेल प्रतिभाओं को उजागर करता है। उनकी उपलब्धि ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। ताइक्वांडो के माध्यम से बालिकाएं खेल कौशल के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मरक्षा के गुण भी विकसित कर रही हैं। जिले को उम्मीद है कि तीनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मंडला का नाम रोशन करेंगी।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!