अस्पताल में महिला की अचानक मौत परिजनों ने इलाज में लापरवाही के लगाए आरोप...सामान्य बताया, फिर अचानक अटैक आने से हुई मौत निष्पक्ष जांच की मांग

04 Nov, 2026 91 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण


सिधू हॉस्पिटल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि वे महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे थे, उस समय उसे गैस बनने की समस्या हो रही थी। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल में डॉक्टर लगातार स्थिति सामान्य होने की बात कहते रहे और उन्हें बताया गया कि सब कुछ ठीक है।
परिजनों का कहना है कि जब उन्हें मरीज की स्थिति सामान्य बताई जा रही थी, तो अचानक महिला को अटैक कैसे आ गया और उसकी मौत कैसे हो गई? इस घटना के बाद परिजनों ने उपचार में लापरवाही बरते जाने की आशंका जताई है।
परिजनों का आरोप है कि यदि महिला की स्थिति गंभीर थी तो उन्हें समय रहते इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई? क्या मरीज की आवश्यक जांच और उपचार में कोई चूक हुई?
घटना ने अस्पताल में उपचार की प्रक्रिया, मरीज की स्थिति की जानकारी परिजनों को देने और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।