पनीर प्रेमियों के लिए खतरे की घंटी मंडला में घटिया व स्वास्थ्यविहीन पनीर पकड़ा गया

13 Jan, 2026 14 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण मंडला | प्रदीप कुमार शर्मा
मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल्य जिला मंडला से पनीर खाने वालों के लिए एक चौंकाने वाली और सावधान करने वाली खबर सामने आई है। मोतीनाला थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में नकली पनीर से लोड एक ट्रक को पकड़ा गया, जिससे नकली पनीर के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोतीनाला थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध ट्रक को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में पनीर पाया गया। प्रारंभिक जांच में पनीर की गुणवत्ता बेहद घटिया, संदिग्ध और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक पाई गई।बताया जा रहा है कि यह नकली पनीर मंडला जिले सहित आसपास के अन्य जिलों में सप्लाई किया जाना था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं, वहीं ट्रक को जब्त कर चालक से पूछताछ की जा रही है।पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि नकली पनीर के इस कारोबार का मुख्य सरगना कौन है, यह पनीर कहां से तैयार किया गया और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों तक की जा रही थी।इस घटना के सामने आने के बाद आम नागरिकों में चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खुले, सस्ते या संदिग्ध पनीर से परहेज करें और केवल प्रमाणित व विश्वसनीय दुकानों से ही दुग्ध उत्पाद खरीदें।फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी