प्रभारी मंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर–एसपी का बस स्टैंड पर औचक निरीक्षण

24 Jan, 2026 51 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण, मंडला।
जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड में आगामी 25 जनवरी को जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल की उपस्थिति में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकचेला ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित विभागों से की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आयोजन स्थल के प्रवेश एवं निकास द्वारों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही बस स्टैंड क्षेत्र में आने वाले आम नागरिकों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों की सुविधा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकचेला ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री सचिन जैन, तहसीलदार मंडला श्री हिमांशु भलावी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री गजानन नाफड़े सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने के संकेत से कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं में तेजी देखी जा रही है।