सावधान! 26 जनवरी से बिना हेलमेट निकले तो सीधा चालान, मंडला पुलिस सख्त
24 Jan, 2026
33 व्यूज
नायक दर्पण, मंडला।
अब दोपहिया वाहन चालकों की लापरवाही पर सख्ती तय है। मंडला जिले में 26 जनवरी 2026 से बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी चालानी कार्रवाई की जाएगी। मंडला पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है—अब समझाइश नहीं, सीधे कार्रवाई होगी।
पुलिस द्वारा पिछले कई दिनों से जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शहर से लेकर गांव-गांव और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट तक पहुंचकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए समझाइश दी गई। कई स्थानों पर जरूरतमंद चालकों को निशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए हैं। अब तक करीब 125 हेलमेट आम नागरिकों और संस्थाओं के सहयोग से वितरित किए जा चुके हैं।
मंडला पुलिस का स्पष्ट उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर सिर की चोटों को कम करना है। पुलिस द्वारा लोगों को बताया जा रहा है कि बिना हेलमेट दुर्घटना की स्थिति में जान जाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। पूर्व में जिले में बिना हेलमेट हुए हादसों में अनेक लोगों की जान जा चुकी है, जिनसे सबक लेना जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में जिले के सभी थानों के बीट प्रभारी और 297 माइक्रो बीट अधिकारी ग्रामीण अंचलों में चौपाल, बैठकों और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इस दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, राहवीर योजना, कैशलैस इलाज, साइबर फ्रॉड से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा जैसे विषयों पर भी जानकारी दी जा रही है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!