गर्रा में भव्य रूप से मनाया जाएगा 26 जनवरी, तिरंगा यात्रा से लेकर सांस्कृतिक संध्या तक होंगे कार्यक्रम।

25 Jan, 2026 18 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।
•••••••••••••••••••••••••••
आदर्श ग्राम पंचायत गर्रा में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारा ध्वजारोहण, तिरंगा यात्रा, शहीदों को श्रद्धांजलि और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया है, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि,अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:15 बजे पंचायत भवन/शाला परिसर से तिरंगा यात्रा के साथ होगी, जो ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थलों तक पहुंचेगी। इसके पश्चात विभिन्न चौकों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर ध्वजारोहण व माल्यार्पण किया जाएगा। तिरंगा यात्रा का समापन पुनः पंचायत परिसर में किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक शाम शहीदों के नाम शीर्षक से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है, जो शाम 4 बजे से प्रारंभ होगा। इसमें स्थानीय कलाकारों व स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2024–25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि,अध्यक्षता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और ग्राम के वरिष्ठजनों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन की तैयारियों को लेकर ग्राम पंचायत, वन समिति एवं सहयोगी संस्थाएं सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। ग्राम पंचायत के सरपंच एवं आयोजन समिति ने समस्त ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर राष्ट्रीय पर्व को गरिमा प्रदान करने की अपील की है। गणतंत्र दिवस के इस आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और इसे आदर्श व अनुकरणीय बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।