बैहर विधानसभा में एकल अभियान का सत्संग प्रतियोगिता महोत्सव बना भक्ति और संस्कृति का संगम

25 Jan, 2026 103 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बैहर।
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
बैहर विधानसभा क्षेत्र में एकल अभियान के तत्वावधान में चल रहा सत्संग प्रतियोगिता महोत्सव इन दिनों भक्ति, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण बनकर उभर रहा है। दिसंबर 2025 से प्रारंभ हुआ यह एकल अभियान गांव–गांव तक पहुंच चुका है। विद्यालय ग्राम स्तर से लेकर उपसंच एवं संच स्तर तक आयोजित इस महोत्सव में क्षेत्र की भजन मंडलियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की है।
ग्राम-ग्राम से आई भजन मंडली टीमों द्वारा गणेश वंदना, गुरु वंदना, सरस्वती वंदना, देशभक्ति, देवभक्ति एवं क्षेत्रीय भजनों की संगीतमय प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। सभी प्रस्तुतियां सुर, ताल और लय में इतनी सशक्त रहीं कि श्रोताओं ने भरपूर सराहना की। बिरसा, बैहर, बिठली एवं गढ़ी क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में दर्शकों की उल्लेखनीय उपस्थिति यह दर्शाती है कि क्षेत्र में भक्ति और सांस्कृतिक आयोजनों के प्रति गहरी रुचि है।
इस महोत्सव को सफल बनाने में ग्राम समिति से लेकर संच समिति तक का सराहनीय सहयोग देखने को मिला। एकल अभियान के कार्यकर्ता, आचार्य एवं संच सेवाव्रती पूरी निष्ठा और लगन के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे।
इसी क्रम में संच बिरसा के अंतर्गत उपसंच मंडई, दमोह एवं जानपुर में उपसंच स्तरीय तथा बिरसा केंद्र में संच स्तरीय सत्संग प्रतियोगिता का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इन आयोजनों में क्षेत्रवासियों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।
संच बिरसा समिति के श्रीमान निरपत बघेल, देवलाल राहंगडाले, आर.डी. पटले, महेश मेरावी, सहेबु मेरावी, संजय श्रीवास, ज्ञान सिंह राहंगडाले, श्रीमती मीना राहंगडाले, अजय तिल्लासी, रामप्रसाद राहंगडाले, सवितानंदन जायसवाल, राधेश्याम तुरकर सहित समस्त समिति सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए क्षेत्र एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति सदस्यों ने कहा कि अब बिरसा क्षेत्र में भक्ति-भजन की गंगा निरंतर प्रवाहित होगी। ऐसे आयोजनों से समाज में संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभक्ति को मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि एकल अभियान से किसी न किसी रूप में जुड़ें, एकल को समझें और उसे सशक्त बनाने में सहभागी बनें। साथ ही एकल भारत के यूट्यूब चैनल को देखने की अपील भी की गई।